हरियाणा पुलिस की पत्रकारों पर कार्रवाई के खिलाफ गाजीपुर में पत्रकारों का हल्ला-बोल, पीएम को भेजा ज्ञापन

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
हिंदी खबर के संपादकों की गिरफ्तारी पर आक्रोश, निष्पक्ष जांच और पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग
गाजीपुर। हरियाणा पुलिस द्वारा हिंदी खबर और लिविंग इंडिया न्यूज से जुड़े संपादक अतुल अग्रवाल, सौरभ उपाध्याय, सुदेश नैना मोर और एक महिला पत्रकार सहित अन्य पत्रकारों पर की गई कार्रवाई और गिरफ्तारी के विरोध में गाजीपुर के पत्रकार लामबंद हो गए हैं।
गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन व प्रेस क्लब गाजीपुर के नेतृत्व में पत्रकारों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पत्रकारों ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं:
1. पूरे प्रकरण की स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. पत्रकारों पर दर्ज मुकदमों और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा हो।
3. देश में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए।
पत्रकार संगठनों ने कहा कि नशे के कारोबार जैसे गंभीर मुद्दे को उजागर करने वाले पत्रकारों पर इस तरह की दमनात्मक कार्रवाई लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। पत्रकारिता जनहित के मुद्दों को सामने लाने और भ्रष्टाचार को उजागर करने का माध्यम है, उसे दबाया नहीं जाना चाहिए। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रदेशव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में शिवकुमार, सूर्यवीर सिंह, मनीष मिश्रा, आलोक त्रिपाठी, पवन पांडेय, विनित तिवारी, विनय यादव, आशुतोष त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।