गाजीपुर से बलिया गए एसपी डॉ. ईरज राजा को पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी विदाई

जनपद में 2 साल 3 महीने का रहा कार्यकाल एसपी डॉ ईरज राजा का, अब संभालेंगे बलिया की कमान
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के क्रम में गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा का स्थानांतरण जनपद बलिया के लिए हुआ है। उनके स्थान पर जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर की कमान सौंपी गई है।

इसी क्रम में पुलिस लाइन गाजीपुर के सभागार में निवर्तमान पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के सम्मान में एक भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक (RI) सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस लाइन के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. ईरज राजा के लगभग 2 वर्ष 3 महीने के कार्यकाल की जमकर सराहना की। कहा गया कि उनके कुशल नेतृत्व में जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रही, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगा और आम जनमानस में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. ईरज राजा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि “यह सफलता मेरी अकेले की नहीं, बल्कि पूरी गाजीपुर पुलिस टीम की है। टीम ने जिस तत्परता, ईमानदारी और निष्ठा से कर्तव्यों का निर्वहन किया, उसी के बल पर शांति व्यवस्था कायम रखी जा सकी।” उन्होंने सभी से भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा निवर्तमान एसपी को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य तथा बलिया में सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
