हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा गंगा घाट, तेज बहाव के बीच भी नहीं थमा कांवड़ियों का उत्साह…।
गाजीपुर ।
सावन के तीसरे सोमवार पर गाजीपुर के ददरी गंगा घाट पर सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार देर रात से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार सुबह होते-होते घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा गंगा तट गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर जल भरा और करीब 30 से 35 किलोमीटर दूर महाहर धाम के लिए रवाना हुए, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
पिछले सोमवार की तुलना में इस बार ददरी घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही। गंगा का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के बावजूद कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

पहली बार फ्लोटिंग बैरियर की व्यवस्था —
गंगा के तेज बहाव को देखते हुए इस बार ददरी घाट पर पहली बार फ्लोटिंग बैरियर की व्यवस्था की गई है। घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा संवेदनशील एवं रणनीतिक स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। घाट से लेकर कांवड़ियों के आगे बढ़ने वाले मार्ग तक बैरियर और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है, जिससे भीड़ को नियंत्रित करते हुए आवागमन सुचारु रखा जा सके।
एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार, पिछले सोमवार की व्यवस्थाओं और अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार उन सभी स्थानों पर अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं, जहां भीड़ का दबाव अधिक रहने की संभावना है। पुलिसकर्मी लगातार घाट और कांवड़ मार्ग पर निगरानी बनाए हुए हैं।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर —
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। घाट पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ महिला थाना प्रभारी की टीम तैनात की गई है। महिलाओं के चेंजिंग रूम पर भी अलग से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। घाट से लेकर बाहर निकलने वाले मार्ग तक महिला पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि छेड़खानी, स्नैचिंग अथवा किसी अन्य आपराधिक घटना को रोका जा सके।
इसके साथ ही बाइक मोबाइल पुलिस दस्ते लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। ददरी घाट के अलावा चितनाथ घाट और जिले के अन्य प्रमुख गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई, हालांकि सबसे अधिक दबाव ददरी घाट पर रहा।
पुलिस निगरानी में सुगम रही कांवड़ियों की आवाजाही —
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद पुलिस और प्रशासन की सक्रिय निगरानी के चलते कांवड़ियों की आवाजाही व्यवस्थित तरीके से जारी रही। बैरियर, डायवर्जन, पुलिस बल और लगातार पेट्रोलिंग के कारण भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली।
गंगा का तेज बहाव और श्रद्धालुओं का सैलाब भी महादेव की भक्ति में डूबे कांवड़ियों के कदम नहीं रोक सका। कंधों पर कांवड़ और जुबां पर हर-हर महादेव का जयघोष लिए श्रद्धालु गंगा से पवित्र जल लेकर लगातार महाहर धाम की ओर बढ़ते रहे।