त्योहारों से पहले एक्शन में प्रशासन: डीएम और एसपी ने जमानिया में किया पैदल रूट मार्च, बोले- हुड़दंग करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर, 12 अक्टूबर। आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील जमानिया में संयुक्त रूप से पैदल रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
रूट मार्च थाना कोतवाली जमानिया और तहसील परिसर से शुरू होकर जो नगर पालिका रोड, हॉस्पिटल रोड, लोदीपुर, चौधरी मोहल्ला, कंकड़बाघाट, बलुआ घाट चौराहा होते हुए बलुआ घाट तक गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया।
लोगों से बात करते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सभी लोग त्योहारों को हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यदि किसी को कोई समस्या या शिकायत है तो वह सीधे थाने या तहसील प्रशासन से संपर्क करे। साथ ही चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने और अराजकता फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी तरह के विवाद, संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान आम जन से अफवाहों पर ध्यान न दें अपील किया, भ्रामक सूचनाओं को फैलाने से बचें और प्रशासन का सहयोग करते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का माहौल बनाए रखें।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी जमानिया, थाना प्रभारी जमानिया सहित अन्य अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।