गाजीपुर, 13 अगस्त ।
महुआबाग स्थित तिलकनगर निवासी विवेक सिंह ने आंतरिक लेखा एवं परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित असिस्टेंट अकाउंटेंट (लोअर पीसीएस) परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार, गांव और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है ।
मूलरूप से बिरनो ब्लॉक के भैरोपुर निवासी रामशब्द सिंह और तारा सिंह की चार संतानों में विवेक सिंह सबसे बड़े पुत्र हैं। उनकी दो बेटियां वागीश और वैशाली सिंह हैं, जबकि छोटे पुत्र वैभव सिंह मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं ।
विवेक सिंह की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर से हुई। इसके बाद उन्होंने आदर्श इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीकॉम और एमकॉम तथा एलएलएम की पढ़ाई की है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय से एलएलबी करने के बाद वर्तमान में लखनऊ विश्वविद्यालय से विधि में पीएचडी कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने यूजीसी नेट और जेआरएफ भी क्वालीफाई किया है ।
विवेक सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्वर्गीय दादा कैप्टन अजनाथ सिंह को दिया है। उनके दादा सेना में कैप्टन रहे थे, जबकि उनके चाचा कमलेश सिंह कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। विवेक ने बताया कि लगातार प्रयास और असफलताओं से सीख लेते हुए उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी। इससे पहले वह बैंक क्लर्क, पीओ, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग तथा बिहार पीसीएस-जे समेत करीब एक दर्जन साक्षात्कार दे चुके हैं। लंबे संघर्ष के बाद मिली इस सफलता से परिवार में खुशी की लहर है।
उनकी उपलब्धि पर भाजपा नेता योगेश सिंह, जिला कार्यसमिति सदस्य कार्तिक गुप्ता, गर्वजीत सिंह, वरुण गुप्ता, इशांक श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, विशाल पांडेय सहित अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।