गाजीपुर।
जिले में छह दिनों से चल रही 52वीं पुरुष एवं 44वीं महिला सीनियर नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 एवं स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता को यादगार बना दिया। ओवरऑल टीम चैंपियनशिप में 99 अंकों के साथ महाराष्ट्र ने खिताब अपने नाम किया, जबकि 59 अंकों के साथ उत्तर प्रदेश दूसरे और 58 अंकों के साथ आंध्र प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक गाजीपुर इरज रजा मुख्य अतिथि रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पंकज सिंह, पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष मोहित श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, महासचिव अमित राय, इंडिया प्रेसिडेंट सतीश कुमार कुदरोली और इंडिया सेक्रेटरी पी.जे. जोसेफ मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में घोसी लोकसभा के पूर्व सांसद अतुल राय तथा मोहम्मदाबाद-युसुफपुर के सीओ सुधाकर पांडेय भी उपस्थित रहे। पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के महासचिव अमित राय ने अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

अंतिम दिन पांच भार वर्गों में हुआ मुकाबला
अंतिम दिन महिला वर्ग के 84 किलोग्राम भार वर्ग में महाराष्ट्र की प्रतिभा अरुण लोने ने कुल 535 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की संहिता मल्लिक 490 किलोग्राम के साथ दूसरे और आंध्र प्रदेश की ए. माधुरी 430 किलोग्राम के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
महिला वर्ग के 84 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में आंध्र प्रदेश की डी. अनुषा ने 522.5 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। केरल की गौरी आर. ने 480 किलोग्राम के साथ दूसरा और महाराष्ट्र की स्वरांगी पाटिल ने 425 किलोग्राम के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग के 105 किलोग्राम भार वर्ग में कर्नाटक के विश्वनाथ बी. ने 885 किलोग्राम भार उठाकर पहला स्थान हासिल किया। मध्य प्रदेश के शशांक जोशी 867.5 किलोग्राम के साथ दूसरे और मो. दानिश मो. शकील 857.5 किलोग्राम के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
120 किलोग्राम भार वर्ग में महाराष्ट्र के पृथ्वीराज शिंदे ने 880 किलोग्राम भार उठाकर बाजी मारी। विदर्भ के रजत डोंगरे ने 842.5 किलोग्राम के साथ दूसरा तथा मध्य प्रदेश के यशवर्धन सिंह ने 820 किलोग्राम के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
120 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में जम्मू-कश्मीर के गौरव शर्मा ने 897.5 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। महाराष्ट्र के सागर मिराषि 867.5 किलोग्राम के साथ दूसरे और तमिलनाडु के थिनकरण के. 865 किलोग्राम के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
बेस्ट लिफ्टर का भी हुआ चयन
महिला वर्ग की बेस्ट लिफ्टर श्रेणी में महाराष्ट्र की प्रेरणा साल्वी को प्रथम, गुजरात की रोहित अंजना बी. को द्वितीय तथा महाराष्ट्र की काजल बनखरे को तृतीय पुरस्कार मिला।
पुरुष वर्ग में मध्य प्रदेश के शैलेंद्र सेवतिया को प्रथम, केरल के आदर्श अत्तावर को द्वितीय और तेलंगाना के एम. वंसी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
टीम चैंपियनशिप में महाराष्ट्र का दबदबा
महिला टीम चैंपियनशिप में 54 अंकों के साथ महाराष्ट्र प्रथम रहा। उत्तर प्रदेश ने 40 अंकों के साथ दूसरा तथा केरल ने 35 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरुष टीम चैंपियनशिप में भी महाराष्ट्र ने 45 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। मध्य प्रदेश 44 अंकों के साथ दूसरे और तेलंगाना 36 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
ओवरऑल टीम चैंपियनशिप में महाराष्ट्र ने 99 अंकों के साथ विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। उत्तर प्रदेश 59 अंकों के साथ उपविजेता तथा आंध्र प्रदेश 58 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
सम्मान के साथ हुआ प्रतियोगिता का समापन
समापन समारोह में मुख्य अतिथि एसपी इरज रजा का बुके, माला, पगड़ी एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। वहीं इंडिया प्रेसिडेंट सतीश कुमार कुदरोली और इंडिया सेक्रेटरी पी.जे. जोसेफ को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
छह दिनों तक चले इस राष्ट्रीय आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के महासचिव अमित राय, एशिया चैंपियन अरविंद शर्मा, संजीव सिंह, पुनीत सिंघल, अमित सैनी, प्रशांत राय, सत्यम और रोहित तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अंत में राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की गई। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों और खेल पदाधिकारियों ने गाजीपुर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता को सफल और यादगार आयोजन बताया ।

