सैदपुर, गाज़ीपुर ।
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए आज विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ‘चंचल’ ने सैदपुर स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में उपजिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसिया के साथ सैदपुर क्षेत्र के आसपास के बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों की गहन समीक्षा की।
इस बैठक में बाढ़ प्रभावित गांवों में आमजन की सुरक्षा, राहत सामग्री की उपलब्धता, भोजन एवं पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुओं के लिए चारा, आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी ली गई ।
एमएलसी ने अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ की इस विषम परिस्थिति में किसी भी प्रभावित परिवार को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक तत्काल सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करे।
विशाल सिंह ‘चंचल’ ने कहा कि “बाढ़ की आपदा के समय प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता की सबसे बड़ी परीक्षा होती है। हमारी प्राथमिकता प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा है। किसी भी आम जनमानस को भोजन, पानी, स्वास्थ्य सुविधा, राहत सामग्री अथवा सुरक्षित आवागमन के लिए परेशान न होना पड़े। जहां भी आवश्यकता हो, वहां तत्काल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।”
इस अवसर पर सैदपुर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए आम जनप्रतिनिधियों एवं आम जनमानस से मुलाकात कर उनकी जनहित से जुड़ी समस्याओं एवं शिकायतों को एमएलसी जी ने गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना ।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं से अवगत कराते हुए प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना उनकी सर्वोच्च प्रतिबद्धता है। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संबंधित अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही बिना किसी विलंब के राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि “सरकार और प्रशासन बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। संकट की इस घड़ी में कोई भी परिवार स्वयं को अकेला न समझे। प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक शासन की राहत और सहायता पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही क्षेत्र की जनता की प्रत्येक जायज समस्या का समाधान सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।”
एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित एवं जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए, ताकि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को समय से आवश्यक सुविधाएं एवं सहायता प्राप्त हो तथा क्षेत्र की आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े ।
इस अवसर पर रामतेज पांडे जी, मोनू राम सोनकर, अनूप कुमार जायसवाल, सैदपुर पूर्वी मंडल अध्यक्ष विजय यादव, मंडल अध्यक्ष देवकली अखिलेश कुशवाहा, पवन सिंह, ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव, प्रतिनिधि प्रदीप पाठक सहित आदि लोग उपस्थित रहे ।