गाजीपुर शहर की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सड़क निर्माण कार्यों की जांच की मांग….।
गाजीपुर।
शहर की जर्जर और बदहाल सड़कों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय राजदेपुर से घोड़ा-गाड़ी पर सवार होकर शहर की सड़कों पर निकले और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी नवाबगंज, नखास, मिश्रबाजार और लंका होते हुए कचहरी पहुंचे। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही, उदासीनता और भ्रष्टाचार के चलते गाजीपुर शहर की सड़कें लगातार बदहाल होती जा रही हैं। उनका कहना था कि सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन शहर की अनेक सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। कांग्रेस ने सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में खर्च हुई धनराशि की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि गाजीपुर शहर की सड़कें बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई हैं। नगर पालिका की ओर से विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि लोगों को गड्ढों के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के बावजूद सड़कें बदहाल क्यों हैं, इसकी जांच जरूरी है। कांग्रेस ने सभी जर्जर सड़कों को तत्काल गड्ढामुक्त कराने और स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण की मांग की।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय ने संयुक्त रूप से कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर हर वर्ष बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद सड़कें कुछ ही समय बाद खराब हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा कराए गए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

पूर्व अध्यक्ष डॉ. मारकंडेय सिंह एवं सेवा दल जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने कहा कि शहर की सड़कों की स्थिति विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस जनता को साथ लेकर व्यापक आंदोलन करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जर्जर सड़कों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से शहर की सभी खराब सड़कों का तत्काल सर्वे कराने, गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाने तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और खर्च की जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन में बटुक नारायण मिश्रा, अजय कुमार श्रीवास्तव, रविकांत राय , ज्ञान प्रकाश सिंह, राजीव सिंह, राजेश गुप्ता, सदानंद गुप्ता, चंद्रिका सिंह, राम नगीना पांडेय, राशिद, रईस अहमद, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, अखिलेश यादव, आलोक यादव, जेपी पांडेय, संजय साहू, कमला यादव, रमेश चंद्र गुप्ता, ताहिर अब्बासी, राफे भाई और संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं शहरवासी मौजूद रहे।