गाजीपुर ।
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महुआबाग में फेमस पूर्वांचल विकास संस्था की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय की करीब 200 छात्राओं को राखियां वितरित की गईं। राखियां पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह एवं उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के प्रबंधक अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक पर्व है। इस पर्व की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों की सहायता करना ही नहीं, बल्कि बेटियों और छात्राओं को प्रोत्साहित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के तहत छात्राओं के बीच राखियों का वितरण किया गया, ताकि वे भी रक्षाबंधन की खुशियों में सहभागी बन सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्था की ओर से भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रागिनी श्रीवास्तव ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में सामाजिक सरोकार, आपसी प्रेम, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। राखियां मिलने पर छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर संजय सर, विद्यालय की शिक्षिकाएं तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।