गाजीपुर ।
52वीं पुरुष एवं 44वीं महिला सीनियर नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 एवं स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
इस प्रतियोगिता का आयोजन 29 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक गाजीपुर के कान्हा हवेली, महुआबाग में प्रस्तावित है। प्रतियोगिता को व्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए बुधवार को पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, मैनेजरों, रेफरी और अन्य अधिकृत अधिकारियों के ठहरने, भोजन तथा होटल से प्रतियोगिता स्थल तक आवागमन की व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए गाजीपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भी भेजा गया है।
आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और साफ-सफाई को लेकर भी संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा किया जाएगा।
प्रतियोगिता में देशभर से करीब 250 पुरुष और 140 महिला खिलाड़ी, जबकि लगभग 80 अधिकृत ऑफिशियल, कोच, मैनेजर एवं रेफरी के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में आयोजन को सफल बनाने के लिए आवास, भोजन, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात समेत सभी प्रमुख व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।
वर्चुअल बैठक में पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के संरक्षक अभिषेक राय, महेश प्रताप सिंह एवं विनय सिंह, चेयरमैन पंकज सिंह ‘चंचल’, अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, महासचिव अमित राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष संजीव सिंह, एशिया चैंपियन अरविंद शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य पुनीत सिंघल एवं अमित सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के महासचिव अमित राय ने किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के गाजीपुर में आयोजन से जिले को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से सहयोग की अपेक्षा की है।