गाजीपुर ।
गाजीपुर के दिलदारनगर स्टेशन पर राजेंद्रनगर टर्मिनल से अजमेर जंक्शन जाने वाली जियारत एक्सप्रेस के ठहराव को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। ट्रेन संख्या 12395/12396 का ठहराव 26 अगस्त 2026 से शुरू होगा। इसे गाजीपुर के लोगों के लिए बड़ी रेल सुविधा माना जा रहा है।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता, उत्तर प्रदेश विनीत कुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि उन्होंने जियारत एक्सप्रेस के दिलदारनगर में ठहराव सहित रेल सुविधाओं से जुड़ी तीन मांगें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखी थीं।
उनकी मांग पर नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कवरिंग लेटर लगाकर रेल मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर मांगों को उनके समक्ष रखा।
विनीत कुमार तिवारी ने रेल मंत्रालय की स्वीकृति पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का गाजीपुर की जनता की ओर से आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी अन्य मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस का गाजीपुर में ठहराव भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस मांग को भी जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
विनीत तिवारी ने कहा कि सुहेलदेव एक्सप्रेस के संचालन के समय तत्कालीन रेल राज्य मंत्री और वर्तमान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा जौनपुर भंडारी स्टेशन और जौनपुर सिटी स्टेशन के बीच कॉर्ड लाइन को स्वीकृति दिलाई गई थी। इसका उद्देश्य गाजीपुर से जाने वाली ट्रेनों को बिना इंजन बदले सुगम आवागमन उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अब पूरी हो चुकी है और इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए गाजीपुर की रेल सुविधाओं में विस्तार के लिए प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने एक अन्य मांग के बारे में बताया कि पाटलिपुत्र से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 12141/12142 का गहमर स्टेशन पर ठहराव कराने की मांग भी रेल मंत्रालय से की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मांग भी जल्द स्वीकृत होगी।
जदयू प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी समय-समय पर पूर्वांचल की समस्याओं को उठाती रहेगी और उनके समाधान के लिए दृढ़संकल्पित है।
प्रेस वार्ता में जदयू जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पटेल और युवा जिलाध्यक्ष अमजद खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।