गाजीपुर ।
गाजीपुर में मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले की आटा मिलों और दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। अभियान के दौरान 9 प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि 1454 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज किया गया ।

एफएसडीए की टीम ने विशेष अभियान के तहत जिले की 9 आटा निर्माण इकाइयों और दुकानों की जांच की। इस दौरान गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने कुल 9 नमूने एकत्र कर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिए हैं ।

इस कार्रवाई के दौरान डेहमा स्थित अर्चना एग्रो इंडस्ट्रीज से 1376 किलोग्राम तथा बिरनो स्थित चौधरी इंटरप्राइजेज से 78 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज किया गया। कुल 1454 किलोग्राम आटे की अनुमानित कीमत 36,740 रुपये बताई गई है ।

सहायक आयुक्त (खाद्य) रमेश चन्द्र पांडेय ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने मानकविहीन या मिलावटी पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटी और गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करने वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।