
गाजीपुर ।
वरिष्ठ पत्रकार शिवप्रताप तिवारी ‘भोलू’ की दादी एवं स्वर्गीय सिद्धांत तिवारी की पत्नी आरती तिवारी (90 वर्ष) का सोमवार, 1 जून को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई ।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए बुधवार को गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के कचहरी स्थित कार्यालय में एक शोकसभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय आरती तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके निधन को समाज और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया ।
शोकसभा में पत्रकार अनिल उपाध्याय, सूर्यवीर सिंह, विनोद गुप्ता, आशुतोष त्रिपाठी, विनय तिवारी, शशिकांत तिवारी सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे ।

इस अवसर पर शिवप्रताप तिवारी ने बताया कि स्वर्गीय आरती तिवारी एक प्रतिष्ठित एवं संस्कारवान परिवार की मुखिया थीं। उनके पति स्वर्गीय सिद्धांत तिवारी मान्यता प्राप्त पत्रकार थे। उनके चार पुत्रों में सबसे बड़े अरविंद तिवारी हनुमान मंदिर के पुजारी हैं, जबकि दूसरे पुत्र स्वर्गीय अनिल तिवारी भी मान्यता प्राप्त पत्रकार थे, जिनका पूर्व में निधन हो चुका है। तीसरे पुत्र संजय तिवारी ‘गुड्डू’ तथा चौथे पुत्र अजय कुमार तिवारी सिविल बार संघ गाजीपुर के अधिवक्ता एवं स्वयंसेवक हैं। परिवार में दो पुत्रियों सहित नाती-पोतों का भरा-पूरा परिवार है ।
स्वर्गीय आरती तिवारी का अंतिम संस्कार सोमवार सायंकाल नगर स्थित गंगा तट के श्मशान घाट पर संपन्न हुआ। उनके छोटे पुत्र अजय कुमार तिवारी ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में नगर के संभ्रांत नागरिकों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं, स्वयंसेवकों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की ।
शोकसभा के अंत में उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।