
पत्रकारों की सुरक्षा और निश्चित मानदेय की उठी मांग………
गाजीपुर ।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार, गाजीपुर में प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेविका मीरा राय एवं एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राकेश शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की ।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलानंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण मुरारी पाण्डेय, दरोगा पाण्डेय सहित अन्य वक्ताओं ने पत्रकारिता के समक्ष वर्तमान समय में मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने पत्रकारों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए सरकार और समाज से प्रभावी कदम उठाने की मांग की ।
जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने विशेष रूप से ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाते हुए उनके लिए सरकार द्वारा निश्चित मानदेय निर्धारित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया ।
समारोह में प्रख्यात कवि बादशाह राही ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं और शेर-ओ-शायरी के माध्यम से शासन-प्रशासन की कमियों पर तीखा व्यंग्य किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा ।
कार्यक्रम में मनोरंजन का रंग उस समय और गहरा हो गया जब प्रसिद्ध मिमिक्री कलाकार विजय शंकर ने मंच संभाला। उन्होंने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभागार में मौजूद पत्रकारों एवं अतिथियों को खूब हंसाया। उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक पत्रकारों और समाजसेवियों को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र, डायरी तथा पेन भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महासचिव वसीम रजा, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सह सचिव प्रदीप शर्मा ‘मोनू’, कोषाध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, सचिव (आय-व्यय) सुनील गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य सुनील सिंह, प्रभाकर सिंह, आई.बी. सिंह, महताब आलम, आसिफ, इक़रार, अजय, आरिफ वारसी, मनीष राय, राघवेंद्र, फूलचंद्र, आलोक त्रिपाठी, अशोक श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे ।
अंत में जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं दूर-दराज से आए आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। जलपान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।