साइबर ठगी के 31 हजार रुपये पीड़ित को वापस कराए

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
साइबर हेल्प डेस्क ने NCRP पोर्टल से 1.18 लाख रुपये कराए थे होल्ड, कोर्ट के आदेश पर खाते में लौटी रकम
गाजीपुर। थाना जंगीपुर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्यवाही करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित के 30,999.18 रुपये वापस कराए हैं। पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया है।
प्राप्त सूचना के अनुसार ग्राम देवकठिया निवासी विनोद कुमार पुत्र रामायन राम ने थाना जंगीपुर में शिकायत दर्ज करायी थी कि उनके साथ 1,92,600 रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्प डेस्क थाना जंगीपुर ने NCRP पोर्टल पर प्राप्त कम्पलेन नम्बर 23106260106632 पर त्वरित कार्यवाही करते हुए 1,18,599.18 रुपये की धनराशि को होल्ड करा दिया था।
इसके बाद न्यायालय के आदेश के क्रम में होल्ड की गयी रकम में से 30,999.18 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक आवेदक के बैंक खाते में वापस करा दी गयी। इस पूरी कार्यवाही में थानाध्यक्ष जंगीपुर और कांस्टेबल आलोक कुमार मौर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस दौरान थानाध्यक्ष जंगीपुर ने जनहित में अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।