शाह फैज पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना दशहरा पर्व, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। शाह फैज पब्लिक स्कूल, गाजीपुर में दशहरा पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्राइमरी और प्री-प्राइमरी वर्ग के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डांडिया नृत्य, दशहरा पर भाषण और रामायण पर आधारित नाट्य मंचन से हुआ। कक्षा 4 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत डांडिया नृत्य ने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया। विद्यार्थियों ने दशहरा पर्व के महत्व पर अपने विचार रखे।
आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा रामायण नाट्य मंचन। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न पात्रों की वेशभूषा धारण कर जीवंत अभिनय किया। यूकेजी-सी के आयांश और कक्षा 4-ए के अर्पित ने भगवान श्रीराम, यूकेजी-ए की आन्या और कक्षा 4-ए की आराध्या ने माता सीता, एलकेजी-सी के मेवान और कक्षा 4-सी के कौस्तुभ ने लक्ष्मण, एलकेजी-सी के पारितोष और कक्षा 4-सी के रिशु ने हनुमान तथा कक्षा 4-ए के सम्राट और श्लोक ने रावण की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से निभाया।

इसके साथ ही दशहरा और रामायण पर आधारित प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों को पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक महत्व के बारे में बताया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उप-प्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी और समन्वयक अंजली श्रीवास्तव मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माधुरी पांडेय, सायमा ज़मन, प्रियंका सिंह, प्रीति तिवारी और शिप्रदा पांडेय का विशेष सहयोग रहा।
