सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन की मासिक बैठक सम्पन्न

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
पेंशनरो की मासिक बैठक में उठा मुद्दा, 60 से 90 साल के सीनियर सिटीजन को बिना प्रशिक्षण ऑनलाइन प्रक्रिया में हो रही भारी दिक्कत
गाजीपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों के मेडिकल बिलों के भुगतान को ऑफलाइन से अनिवार्य रूप से ऑनलाइन कर दिए जाने से जनपद के सीनियर सिटीजन में भारी आक्रोश है। सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन जनपदीय शाखा की मासिक बैठक लोक निर्माण विभाग के संघ भवन में जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से सरकार के इस फैसले का विरोध किया गया।
जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर श्रीवास्तव ने कहा कि पहले चिकित्सा प्रतिपूर्ति का भुगतान ऑफलाइन आसानी से हो जाता था, लेकिन अब इसे पूरी तरह ऑनलाइन अनिवार्य कर दिया गया है। 60 से 90 वर्ष के वृद्धजनों के लिए बिना किसी प्रशिक्षण के यह जटिल प्रक्रिया समझ से परे है, जिससे उनके बिलों के भुगतान में महीनों का विलंब हो रहा है और समय पर इलाज कराना मुश्किल हो रहा है। एसोसिएशन ने मानवीय आधार पर मांग की है कि मेडिकल बिल भुगतान की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से जारी रखी जाए।
साथ ही बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि पूर्व की भांति ऑफलाइन व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो आगामी 2 नवंबर को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में द्विवार्षिक अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा करते हुए अध्यक्ष अम्बिका दूबे ने अधिवेशन को भव्य बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर दिनेश चन्द्र शर्मा, डॉ. दिनेश सिंह, रमाशंकर यादव, उग्रसेन सिंह, उमेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे।
