जनपद में सरकारी आईटीआई की खाली सीटों पर प्रवेश शुरू, 11 अक्टूबर तक करें आवेदन
(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। जिले के युवाओं के लिए सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश का एक और मौका। प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने बताया कि संस्थान की रिक्त सीटों को भरने के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह प्रवेश प्रक्रिया राजकीय आईटीआई गाजीपुर, राजकीय आईटीआई जहूराबाद और राजकीय आईटीआई सैदपुर में चौथे चरण के बाद बची हुई रिक्त सीटों के सापेक्ष की जा रही है।
राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार यह पांचवां चरण है। इस चरण में दो तरह के अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है पहला जो पूर्व में पंजीकृत अभ्यर्थी अपने संस्थान और व्यवसाय के विकल्प में बदलाव कर नए विकल्प दर्ज कर सकते हैं और दूसरा ऐसे नए अभ्यर्थी जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे भी रिक्त सीटों के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट http://www.scvtup.in पर जाकर अपनी पसंद के संस्थान एवं व्यवसाय का विकल्प वरीयता क्रम में भरना होगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 06 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक चलेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा पांचवें चरण के लिए विकल्प का पंजीकरण नहीं भरा जाता है तो उसे पूर्व में किए गए आवेदन के आधार पर ही सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।